शाहजहांपुर में खड़ी ईं-बसें। संवाद
शाहजहांपुर। तीन दिन तक बंद रहने के बाद रविवार को शहर में ई-बस सेवा दोबारा शुरू कर दी गई। फिलहाल बसों का संचालन पूरे दिन नहीं हो सका। चार्जिंग स्टेशन तक पहुंचने में आ रही दिक्कतों के कारण बसें केवल आधे दिन ही संचालित की गईं।
लगातार बारिश होने के कारण बसों की बैटरी खराब होने की आशंका के चलते बृहस्पतिवार से ई-बसों का संचालन रोक दिया गया था। ककरा स्थित चार्जिंग स्टेशन तक जाने वाले मार्ग को दुरुस्त करने के लिए भराव डाला गया, लेकिन सुरक्षा कारणों से उस रास्ते से बसों का संचालन नहीं किया गया। इसके बजाय शनिवार की रात बसों को लोहारा चौराहे वाले मार्ग से निकाला गया। यह मार्ग संकरा है और दोनों ओर नाले का निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में बसों को रात के समय कम यातायात होने पर ही वहां से निकालकर सड़क पर लाया गया।
ई-बस सेवा के प्रभारी गुलशन कुमार के अनुसार, पहले बसों को चार्जिंग के बाद सुबह संचालन के बाद निकाल देते थे। दोपहर में फिर से चार्जिंग के लिए ले जाया जाता था, लेकिन दिन में लोहारा चौराहे पर अधिक यातायात होने से अब यह संभव नहीं है। इसी वजह से ई-बसें पूरे दिन नहीं चल पाएंगी।
पहले जहां 21 बसों से प्रतिदिन करीब चार हजार किलोमीटर का संचालन होता था, वहीं अब चार्जिंग व्यवस्था प्रभावित होने से यह घटकर करीब दो हजार किलोमीटर रह जाएगा। चार्जिंग खत्म पर ई-बसों को शहर के रामलीला मैदान पर खड़ा कराएंगे। रात में चार्जिंग के लिए ककरा लाया जाएगा।
दो बसों में तकनीकी दिक्कत, सड़क पर नहीं भेजीं
रविवार को 21 ई-बसों को संचालन के लिए तैयार किया गया था, लेकिन इनमें से दो बसों में स्टार्ट होने में तकनीकी दिक्कत आने पर मार्ग पर नहीं भेजा गया।