प्रदेश सरकार द्वारा खाद्य तेलों पर 2.5 प्रतिशत मंडी शुल्क लगा दिए जाने व्यापारियों में रोष पनपने लगा है। इस संबंध में उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल कंछल गुट के पदाधिकारियों का शिष्टमंडल सोमवार को रोजा मंडी जाकर सचिव संजय सिंह से मिला और उन्हें ज्ञापन दिया।
शिष्टमंडल का नेतृत्व करते हुए जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश गुप्ता और नगर अध्यक्ष सचिन बाथम ने मंडी सचिव को बताया कि कुछ संचार माध्यमों से पता चला है कि प्रदेश सरकार ने खाद्य तेलों पर मंडी शुल्क लगा दिया है, लेकिन संगठन के प्रांतीय पदाधिकारियों द्वारा बताया गया कि मंडी निदेशालय के अधिकारियों से वार्ता करने पर बताया गया कि खाद्य तेलों पर मंडी शुल्क लेने का आदेश स्थगित कर दिया गया है।
व्यापारी नेताओं ने मंडी सचिव को दिए ज्ञापन में कहा कि जब तक मंडी शुल्क को लेकर प्रदेश सरकार और शासन के स्तर से नीति स्पष्ट नहीं हो जाती, खाद्य तेल का व्यवसाय करने वाले व्यापारियों पर शुल्क जमा करने का दबाव नहीं बनाया जाए। मंडी सचिव ने भरोसा दिया कि इस बारे में जब तक शासन से दिशा निर्देश नहीं मिल जाते, तब तक किसी भी व्यापारी पर कोई कार्यवाही नहीं की जाएगी। उनसे भेंट करने वालों में नारायण दास अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह सेठ, रोजा इकाई के अध्यक्ष एवं चेयरमैन अजय गुप्ता, सुशील गोयल, योगेश अग्रवाल, संजीव गुप्ता, ललित गुप्ता, मनीष गर्ग, अखिल गुप्ता, विनोद विज, कृष्ण मोहन गुप्ता, राजेश्वर यादव, पंकज अग्रवाल, कुंज बिहारी अग्रवाल आदि शामिल रहे।