शाहजहांपुर। मौसम बदलने के बाद बिजली की मांग बढ़ गई है। इसी के साथ ही बिजली व्यवस्था फिर से लड़खड़ाने लगी है। बृहस्पतिवार को गोविंदगंज उपकेंद्र पर एक घंटे का शटडाउन लेकर कई घंटे तक बिजली की आपूर्ति बाधित रही। इसी तरह कलान में 33 केवीए लाइन का तार टूटने से पांच घंटे तक लोग बिजली के लिए तरसते रहे।
बृहस्पतिवार को गोविंदगंज उपकेंद्र पर नियमित मरम्मत व टेस्टिंग कार्य के लिए एक से दो बजे तक शटडाउन लिया था। शट डाउन होने पर बिजली दिन में करीब साढ़े तीन बजे आई। कुछ देर चलने के बाद फिर से आपूर्ति कट कर दी। उमसभरी गर्मी से लोग परेशान हो उठे। शाम को छह बजे के बाद भी करीब 30 मिनट के लिए आपूर्ति बाधित रहे। लोगों का इंवर्टर तक चार्ज नहीं हो सका। जेई कफील अहमद ने बताया कि मरम्मत व टेस्टिंग कार्य के चलते आपूर्ति को बंद किया गया।
33 केवीए लाइन का तार टूटा, पांच घंटे बिजली बाधित
कलान। 33 केवी लाइन पर फाॅल्ट आने से पांच घंटे तक बिजली बाधित रही। सुबह फाॅल्ट आने के कारण घरों की टंकियां पानी से खाली हो गई। इसके चलते नित्य क्रिया के लिए लोगाें को जूझना पड़ा। लोगों ने कई बार उपकेंद्र पर कॉल की। वहां से बताया कि उसावां की 33 केवीए लाइन का तार टूट गया। तार जोड़ने में पांच घंटे लग गए। दिन में 12 बजे बिजली मिल सकी। संवाद