शाहजहांपुर। मोहल्ला अलीजई में बंच केबल डालते समय खंभा झुकने से 11 केवी की लाइन मकान के छज्जे पर लगी लोहे की ग्रिल से छू गई। इससे तीन घरों में करंट उतर आया और विद्युत चलित उपकरण फुंक गए। लाइन ट्रिप होने से बड़ा हादसा होने से बच गया। सूचना पर एसडीओ बबलू कुमार ने निरीक्षण किया। मामले में कार्यदायी संस्था से स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा।
ककरा उपकेंद्र से आई बिजली की लाइन पर शनिवार दोपहर को बंच लाइन डालने का कार्य शुरू कराया गया था। इसके लिए शटडाउन लिया गया था। बंच लाइन को डालकर खींचने के दौरान बिजली का खंभा झुक गया। उस पर करंट प्रवाहित हो रहा था।
खंभा झुकने से मकान के छज्जे पर लगे लोहे की ग्रिल से 11 केवी की लाइन छू गई। इससे तीन मकानों में करंट उतर आया। हालांकि, लोहे से छूने के बाद लाइन ट्रिप हो गई, लेकिन तेज करंट प्रवाहित होने से बिजली उपकरण फुंक गए।
शोर-शराबा होने पर लोग मकानों से बाहर निकल आए। कुछ देर में मोहल्ले में लोगों की भीड़ लग गई। लोगों से खंभे से दूर कर बिजली निगम को जानकारी देकर आपूर्ति को बंद कराया गया। लाइन को लकड़ी के डंडे से ग्रिल से लोगों ने दूर किया।
मोहल्ले के अखलाक ने बताया कि खंभा झुकने से घरों में करंट उतर आया। उनके घर में पंखा, फ्रिज, एलईडी फुंक गई। पड़ोसी तौसीफ के मकान में कंप्यूटर, पंखा और फ्रिज और खालिद का एलईडी और पंखा खराब हो गया।
शादाब ने बताया कि काम के दाैरान आपूर्ति बंद कराई होती तो हादसा नहीं होता। सूचना पर एसडीओ बबलू कुमार भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
तार को दूर करने के बजाय भाग गए कर्मचारी
- ग्रिल से तार छूने के बाद बचाव कार्य कराने के बजाय कंपनी के कर्मचारी मौके से ही खिसक गए। मोहल्ले के लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है।
-
बंच लाइन को डालने के लिए शटडाउन लिया गया था। उस खंभे को नहीं छूना चाहिए था, जिस पर लाइन चालू थी। इसे लेकर आरडीएसएस कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
-बबलू कुमार, एसडीओ
मोहल्ला अलीजई में लोहे की ग्रिल से टच हुई 11 हजार की लाइन को डंडे से दूर करता मकान मालिक। संवाद
मोहल्ला अलीजई में लोहे की ग्रिल से टच हुई 11 हजार की लाइन को डंडे से दूर करता मकान मालिक। संवाद