चांदपुर। किसानों को समर्थन मूल्य दिलाने के लिए हरिहरपुर गांव में खोला गया गेहूं क्रय केंद्र दिखावटी साबित हो रहा है। क्रय केंद्र पर अब तक बारदाना नहीं पहुुंचने से सरकारी खरीद शुरू नहीं हो सकी है। मजबूरी में किसान बिचौलियों को औने-पौने दामों पर गेहूं बेच रहे हैं।
हरिहरपुर में यूपीएसएस का क्रय केंद्र खुला है। सरकार ने इस वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया है। दो हफ्ते से अधिक समय हो जाने के बावजूद केंद्र पर अब तक जूट की पर्याप्त बोरियां उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। इस वजह से गेहूं की खरीद भी शुरू नहीं हो सकी है।
नतीजतन गेहूं लेकर आने वाले किसानों को तौल कराए बगैर लौटना पड़ रहा है। इसका फायदा उठाने के लिए बिचौलिये सक्रिय हो गए हैं। जरूरतमंद किसान उनके हाथ 1800 से 2000 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से गेहूं बेच रहे हैं। किसानों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी स्थिति से अवगत होने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।
उन्होंने केंद्र पर अतिशीघ्र बारदाना उपलब्ध कराकर गेहूं की तौल शुरू कराए जाने की मांग की है। केंद्र प्रभारी मनोहर लाल के अनुुसार बारदाना की मांग उच्चाधिकारियों को भेजी जा चुकी है। जल्द ही बोरे मिलने की उम्मीद है। केंद्र पर बारदाना आते ही गेहूं की खरीद शुरू करा दी जाएगी।