शाहजहांपुर। शराब के नशे में एक व्यक्ति ने चौक कोतवाली इलाके के ककरा में बने गर्रा नदी के पुल से अपनी पांच वर्ष की बच्ची को नीचे लटका दिया। आसपास के लोगों ने उसे बचाया। पुलिस ने बच्ची को परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया है।
सोमवार को चौक कोतवाली इलाके के मोहल्ला मामूड़ी निवासी एक व्यक्ति अपनी बेटी के साथ रिश्तेदारी में गया था। वहां से नशे की हालत में वापस आया। शाम करीब सात बजे ककरा पुल पर आया और किसी बात से नाराज होकर बेटी को पुल के नीचे लटका दिया।
इतने में कुछ राहगीरों ने देख लिया और डायल 112 नंबर पर सूचना कर दी। सूचना पर चौक कोतवाली पुलिस मौके पर आ गई। पुलिस ने आरोपी को रोक लिया और अन्य परिजनों को मामले की सूचना दी। सूचना पर बच्ची के चाचा और नानी मौके पर आ गईं।
पुलिस ने चाचा और नानी की सुपुर्दगी में बच्ची को दे दिया। अजीजगंज चौकी प्रभारी ललित शर्मा ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। पिता नशे की हालत में है। संवाद