अमर उजाला में पांच सितंबर के अंक में प्रकाशित खबर
कलान। प्रदेश के टॉप-30 लाइन लॉस वाले क्षेत्रों में शामिल कलान टाउन में विद्युत निगम ने लाइन लॉस कम करने के लिए एक बार फिर बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान ड्रोन के जरिये की गई निगरानी में 13 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। कार्रवाई शुरू होते ही इलाके में खलबली मच गई। कई लोगों ने केबल खंभों से उतार लिए।
विद्युत निगम ने अधिक लाइन लॉस वाले तीन फीडरों को चिह्नित किया था। इनमें चिनौर का शाहबाजनगर, बंडा का नभीची और कलान टाउन फीडर शामिल थे। कलान टाउन लाइन लॉस के मामले में सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में है और प्रदेश के टॉप-30 में शामिल है। लाइन लॉस की स्थिति को लेकर पांच सितंबर के अंक में संवाद न्यूज एजेंसी की खबर को अमर उजाला ने प्रकाशित किया था।
खबर का संज्ञान लेते हुए विद्युत निगम की टीम ने कलान टाउन में ड्रोन के माध्यम से बिजली चोरी की जांच शुरू की। चेकिंग के दौरान कई उपभोक्ताओं को बाइपास के जरिये बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। ड्रोन से छतों और विद्युत कनेक्शन की निगरानी की गई।
अधिशासी अभियंता जलालाबाद शुभेंद्र शाह ने बताया कि अभियान के दौरान 13 लोग बिजली चोरी करते पकड़े गए हैं। सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
अमर उजाला में पांच सितंबर के अंक में प्रकाशित खबर