शाहजहांपुर में मोहनगंज के पास नाले का निरीक्षण करते डीआरएम। स्रोत: रेलवे
शाहजहांपुर। मुरादाबाद मंडल के रेल प्रबंधक राजकुमार सिंह ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। वह उस स्थान पर भी गए, जहां पर कॉलोनी का पानी नाले से रेलवे ट्रैक पर भरने पर विवाद चल रहा है। डीआरएम ने दीवार को उठाने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर रेलवे ने नाला सुरक्षा की दृष्टि से बंद करा दिया है।
दोपहर में आए डीआरएम ने ओवरब्रिज निर्माण के लिए बनाए जा रहे पिलर का निरीक्षण किया। उन्हें प्लेटफॉर्म नंबर एक, दो व चार पर गड्ढे मिले। सुरक्षा की दृष्टि से उन्हें बंद कराने के लिए आईओडब्ल्यू को निर्देश दिए। उन्होंने शौचालय, निर्माणाधीन पार्सलघर का जायजा लिया। इसके बाद द्वितीय गेट की ओर जाकर जानकारी ली।
व्यवस्थाओं को देखने के बाद संबंधित अधिकारियों को कार्य तेज गति से कराने के निर्देश दिए। इसके बाद गेट नंबर 323 पर मोहनगंज के पास गए। यहां पर कई काॅलोनियों का पानी रेलवे ट्रैक की ओर नाले में गिरता है, जिससे रेलवे ट्रैक को नुकसान होने की संभावना के चलते रेलवे ने नाले को बंद करा दिया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, रेलवे लाइन के किनारे दीवार उठाने के निर्देश दिए हैं।
उसके बाद मोक्षधाम रेलवे क्राॅसिंग पर उतरकर सड़क मार्ग से भोलागंज गए। वहां रेलवे की निष्प्रयोज्य पड़ी जमीन का जायजा लिया। उन्होंने रेलवे की जमीन का सीमांकन कराकर कोन लगाने के निर्देश दिए हैं।
अधूरे कार्य पूर्ण करने के निर्देश
मंडल रेल प्रबंधक ने रोजा जंक्शन का निरीक्षण किया। रेलवे स्टेशन डाउन यार्ड काे देखा। इसके बाद लोको पायलट से खाने के बारे में जानकारी ली। रोजा साइडिंग पर बन रहे प्लेटफॉर्म पर अधूरे पड़े कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने रोजा में क्रिकेट मैदान का जायजा लिया। व्यापारियाें की मांग पर तौल मशीन को लगाने को कहा। इसके बाद रेलवे कॉलोनी में पानी की समस्याओं की जानकारी ली। उनके साथ सीएमआई एसके ठाकुर, अनिल कुमार, दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।