कांट। लिपुलेख भिंड हाईवे पर डंपर की टक्कर लगने से ऑटो में सवार दंपती समेत चार लोगाें की मौत के मामले में डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। डंपर मालिक के जरिये पुलिस चालक तक पहुंची। चालक ने पूछताछ में बताया कि स्कूटी बचाने के फेर में अचानक से सामने आए ऑटो को देखकर उसने ब्रेक लगाए, लेकिन गति तेज होने के चलते हादसा हो गया।
17 मई को कमलनैनपुर तिराहा के पास डंपर की टक्कर लगने से ऑटो सवार दंपती समेत चार लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग गया था। हादसे में जलालाबाद के यूसुफजई निवासी इकबाल और उनकी पत्नी राबिया, कांट के बवक्करपुर निवासी रामक्षत्रिय और आरसी मिशन थाना क्षेत्र के अनूप की मौत हो गई थी।
रामक्षत्रिय के पति सनी की ओर से अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने डंपर के मालिक से संपर्क साधकर चालक का पता लगाया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्वालियर जिले के पुरानी छावनी के थाना क्षेत्र मोतीझील स्टेडियम के जेवरा निवासी करुपाल को बरेली मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से न्यायिक अभिरक्षा में उसे जेल भेज दिया गया।