गांव सिरखिड़ी निवासी बिट्टो देवी। संवाद
पुवायां। सीएचसी में तैनात एक संविदा डॉक्टर इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों को विजिटिंग कार्ड देकर निजी आवास में आकर बेहतर इलाज कराने की सलाह दे रहे हैं। मंगलवार को गांव सिरखिड़ी निवासी श्यामबाबू शुक्ला की पत्नी बिट्टो देवी शिकायत लेकर अधीक्षक के पास पहुंची। हालांकि, अधीक्षक मिल नहीं सके।
बिट्टो देवी को कई दिनों से सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। सोमवार को सीएचसी पर पर्चा बनवाने के बाद वहां तैनात एक संविदा डॉक्टर को उन्होंने दिखाया। डॉक्टर ने उन्हें कुछ दवा लिख दी और साथ में अपना विजिटिंग कार्ड देकर बेहतर इलाज के लिए नगर में ही अपने निजी आवास पर आकर दिखाने के लिए कहा। इसके बाद बिट्टो देवी अपने घर चली गई। डॉक्टर की ओर से लिखी गई दवा से कोई फायदा नहीं होने पर बिट्टो देवी मंगलवार को फिर से सीएचसी पहुंची और डॉक्टर की ओर से दिए गए विजिटिंग कार्ड को दिखाने के लिए सीएचसी अधीक्षक के कार्यालय पहुंची, लेकिन अधीक्षक के फील्ड में होने के कारण वह उनसे नहीं मिल सकीं। इसके बाद दूसरे डॉक्टर को दिखाकर दवा लेकर घर चली गईं।
उधर, डॉक्टर का कहना है कि मैंने लोगों से जान पहचान करने के लिए ही पुवायां में तैनाती कराई है। इसीलिए कार्ड दिया था। मेरा कोई निजी क्लीनिक नहीं है।
मंगलवार को ही विजिटिंग कार्ड बांटने का प्रकरण संज्ञान में आया है। महिला से जानकारी नहीं मिल सकी है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट अधिकारियों को दी जाएगी।
डॉ. नरेंद्र पाल, अधीक्षक, सीएचसी पुवायां
-
सीएचसी अधीक्षक से कहा गया है कि संबंधित डॉक्टर को नोटिस जारी कर जवाब तलब करें कि ऐसा क्यों किया गया। जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. आरके गौतम, सीएमओ, शाहजहांपुर