निगोही में डंपर की टक्कर से तांगा सवार पांच लोग हो गए थे घायल
विधायक की शिकायत पर डीएम ने दोनों डाक्टरों को निलंबित किया
निगोही से सवारी लेकर शाहजहांपुर मार्ग पर जा रहे तांगे को पीछे से डंपर ने टक्कर मार दी। शुक्रवार दोपहर बाद दो बजे हुए इस हादसे में तांगे में बैठे पांच लोग घायल हो गए। उधर से गुजर रहे तिलहर विधायक रोशन लाल वर्मा सभी घायलों को तुरंत निगोही सीएचसी लेकर पहुंचे लेकिन वहां डॉक्टर मौजूद न होने से घायलों को प्राथमिक उपचार न मिल सका। बाद में सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज में देरी के चलते दो की मौत हो गई।
जिला अस्पताल में निगोही के हसौआ निवासी 60 वर्षीय रामचंद्र और मिश्रीपुर के आठ वर्षीय शिवा की मौत हुई। अन्य तीन घायलों (मिश्रीपुर निवासी 60 वर्षीय कमला देवी और 30 वर्षीय गुड्डी और मृत रामचंद्र की पत्नी 58 वर्षीय चमेली) की हालत गंभीर है। अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
विधायक रोशन लाल वर्मा ने बताया कि सीएचसी पर सिर्फ एक ही कंपाउंडर और एक चपरासी मौजूद था। वहां प्राथमिक उपचार न मिलने पर तुरंत सीएमओ से संपर्क किया लेकिन वहां से भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी डीएम को दी। डीएम ने सीएचसी पर चिकित्सक न होने की जांच कराई तो मामला सही निकला। उन्होंने सीएमओ से रिपोर्ट तलब की और सीएचसी पर तैनात एमओआईसी डॉ. नरेंद्र पाल और डॉ. वरुण के निलंबन की संस्तुति शासन को भेजी है।