डीएम ने एक अप्रैल से जिले में सेंटर खोलकर गेहूं खरीद शुरू करने के निर्देश दिए थे, लेकिन ज्यादातर स्थानों पर गेहूं की खरीद नहीं की जा रही है। त्रिलोकपुर में तो नियम-कानून को दरकिनार कर एक फार्मर के यहां बैनर लगाकर सेंटर खोले जाने की इतिश्री कर ली गई है। सोमवार को गांव हरिहरपुर और पुनौती में साधन सहकारी समिति पर लगे पीसीएफ के सेंटर बंद मिले। पुनौती में समिति पर केवल कांटा लगा मिला, लेकिन वहां कोई कर्मचारी नहीं था। हरिहरपुर में भी सेंटर खोले जाने के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई है। गांव त्रिलोकपुर में तो एक फार्मर के घर बैनर लगाकर, कांटा रख दिया गया है। यहां खरीद नहीं की जा रही है। भाकियू ने तहसील क्षेत्र के सभी सेंटर सार्वजनिक स्थानों पर खुलवाए जाने और वहां किसानों से नियमित खरीद कराए जाने की मांग करते हुए डीएम को पत्र भेजा है। त्रिलोकपुर में लगे एसएफसी सेंटर के प्रभारी रामनरायन ने बताया कि अभी तक वारदाना उपलब्ध नहीं है, जिस कारण खरीद शुरू नहीं हो सकी है। सेंटर का स्थान बदलने की मांग की जाएगी तो जगह बदल दी जाएगी।