शाहजहांपुर। डीएम ने सोमवार को बीएसए कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान रिटायर्ड कर्मचारी को पटल पर देखकर फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी।
सोमवार को डीएम उमेेश प्रताप अचानक बीएसए कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने देखा कि कार्यालय में सेवानिवृत्त कर्मचारी अली हसन अनधिकृत रूप से पटल पर मौजूद हैं। यह देखकर डीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने कर्मचारी को फटकार लगाते हुए दोबारा कार्यालय के कार्यों में हस्तक्षेप करते पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही बीएसए को कार्यालय में तैनात कार्मिकों के अतिरिक्त किसी व्यक्ति के अनधिकृत रूप से उपस्थित न रहने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी पटलों पर तैनात कार्मिकों के नाम व पद नाम भी अंकित कराने के लिए निर्देशित किया। डीएम को बीएसए कार्यालय में गंदगी व अव्यवस्था की देखने को मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। सभी रिकार्डों को व्यवस्थित कर तीन दिन के भीतर आख्या उपलब्ध कराए जाने, पुरानी अलमारियों की पेंटिंग और सफाई कराने का कार्य, रिकार्ड को खराब होने से बचाने के लिये आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिला समन्वयक से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश
डीएम ने आधार सीडिंग के डाटा कलेक्शन एवं ड्रेस की राशि वितरण में लापरवाही पर सामुदायिक सहभागिता के जिला समन्वयक निशांत सिंह का स्पष्टीकरण तलब करने के लिए निर्देशित किया। कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में व्यवस्थाओं के संबंध में जिला समन्वयक से आख्या मांगी। अलमारियों पर रखी फाइलों पर अत्यधिक धूल जमा होने पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुंदरलाल को फटकार लगाते हुए कार्य में सुधार करने हेतु सख्त निर्देश दिए।
स्कूल के जर्जर भवन के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का निर्देश दिया
शाहजहांपुर। डीएम ने सोमवार को कंपोजिट विद्यालय सरायकाईयां का निरीक्षण भी किया। विद्यालय में बनाए जा रहे स्मार्ट क्लास तथा विद्यालय में स्थापित पुस्तकालय कक्ष में विभिन्न विषयों की पुस्तकों को भी देखा। विद्यालय परिसर स्थित गांधी जूनियर हाई स्कूल के जर्जर एवं परित्यक्त भवन को निर्धारित प्रक्रिया का पालन कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कराने के लिए निर्देश दिए। डीएम ने जर्जर भवन के ध्वस्तीकरण के बाद स्थल का सौंदर्यीकरण कराने के लिए भी निर्देशित किया।