पहली जुलाई से मनाए जाने वाले वन महोत्सव की सफलता के लिए डीएम पुष्पा सिंह ने मंगलवार को तैयारियों की समीक्षा की। इस अवसर पर वन कर्मियों, आडीटरों और गवाहों की कार्यशाला लगाकर उन्हें प्रशिक्षित किया गया। एसएस कॉलेज में हुई कार्यशाला में प्रभागीय वनाधिकारी एनके सिंह ने बताया कि एक से सात जुलाई तक चलने वाले वन महोत्सव को वृहद रूप से मनाया जाएगा, जिसमें एक ही दिन में 6.80 लाख पौध रोपित की जाएगी। डीएम पुष्पा सिंह ने वन कर्मियों को निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत आठ से 12 फिट ऊंचे पौधे रोपित किए जाएं। इसमें नीम, पीपल, पाकड़, महुआ, जामुन, आम की बैरायटी को प्राथमिकता दी जाए। डीएम ने कहा कि जिले को आवंटित लक्ष्य प्रत्येक दशा में पूरा किया जाए। इसके लिए अभी से रूपरेखा तय की जाए और पौधरोपित करने का स्थल भी निर्धारित किया जाए। इससे पूर्व प्रभागीय वन अधिकारी और उप प्रभागीय वनाधिकारी ने पौधशालाओं में उपलब्ध पौधों की जानकारी दी। बताया: पौधरोपित करने के लिए 70 स्थलों के कार्य प्रभारी नियुक्त किए जा चुके हैं और उन्हें इस दौरान आने वाली कठिनाइयों के निराकरण के लिए दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं।