जन सुनवाई प्रणाली (आईजीआरएस) की वेबसाइट पर जनता की प्राप्त शिकायतों का निस्तारण न करने पर डीएम राम गणेश ने 10 अधिकारियों के वेतन रोकने के निर्देश जारी किया है। डीएम ने आईजीआरएस की वेबसाइट पर पाया कि जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक बैंक ऑफ बड़ौदा की 83, प्रभारी निरीक्षक कांट की 29, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका शाहजहांपुर की 24, अधिशासी अभियंता विद्युत खंड द्वितीय की 19, एसडीएम पुवायां की 17, थानाध्यक्ष निगोही की 17, मुख्य चिकित्साधिकारी की 16, थानाध्यक्ष मिर्जापुर की 15, उप खंड अधिकारी पुवायां की 17 और अधिशासी अभियंता निर्माण खंड प्रथम की 12 शिकायतें अभी तक निस्तारित नहीं की गयी। डीएम ने बताया कि उक्त पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समय अंतर्गत न होने पर शासन स्तर पर समीक्षा के दौरान पाया गया कि शिकायतों के निस्तारण के मामले में जनपद पीछे है। उन्होंने निर्देश दिया कि जब तक प्राप्त शिकायतों का निस्तारण संबंधित अधिकारियों द्वारा नहीं किया जाता है तब तक उनके वेतन पारित न किये जायें। उन्होंने कहा कि 20 दिसंबर तक पोर्टल पर समस्त लंबित संदर्भों को शून्य पर लायें अन्यथा उनके विरूद्ध विभागीय कार्यवाही हेतु शासन को लिखा जाएगा।