शाहजहांपुर। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने विद्युत निगम को उपभोक्ताओं को निर्धारित समय पर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लापरवाही और भ्रष्टाचार पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में डीएम ने अभियंताओं और कर्मचारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के लिए कहा। उन्हें तैनाती स्थल पर रात्रि विश्राम करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, फोन कॉल रिसीव करने और आमजन से बेहतर व्यवहार बनाए रखने पर जोर दिया गया।
जनप्रतिनिधियों के मोबाइल नंबर सुरक्षित रखने और ट्रांसफाॅर्मर खराब होने या लाइन हानि की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए कहा गया। सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी को पंचायत घरों में विद्युत संबंधी शिकायतों के लिए 1912 हेल्पलाइन नंबर की वॉल पेंटिंग कराने के निर्देश दिए गए। विद्युत बिल संशोधन में किसी भी भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
डीएम ने प्राथमिक विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की शिफ्टिंग कराने के लिए भी कहा। शेष आंगनबाड़ी केंद्रों में शीघ्र विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।