शाहजहांपुर। डीएम इंद्र विक्रम सिंह और एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने बृहस्पतिवार दोपहर जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। वहां बोरों में भरी सूखी और सड़ी रोटियां देख डीएम भड़क गए। उन्होंने जेल अधीक्षक से नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि ये रोटियां अब तक गोशाला क्यों नहीं भेजी गईं। अन्य खामियों में सुधार लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम-एसपी जेल की मेस में पहुंचे तो एक कोने में बोरी के अंदर काफी मात्रा में सूखी रोटी रखी हुईं थीं। यह देखकर उनका पारा चढ़ गया। जेल अधीक्षक राकेश कुमार से पूछा तो उन्होंने जवाब दिया कि इन रोटियों को गोशाला भेजने के लिए रखा गया है। तब डीएम भड़क गए। बोले- इन खराब रोटियों को गोशाला भेजने में महीना-महीना भर क्यों लगाया जाता है। नियमित गोशाला रोटियां भेजी जाएं तो मेस में गंदगी भी नहीं होगी। इसके बाद वह जेल के अस्पताल पहुंचे। यहां सामान्य मरीज भी भर्ती होकर आराम फरमाते मिले तो डीएम ने इस पर भी नाराजगी जताई। एक-एक बंदी के पास तीन से अधिक मुलाकातियों को देखकर भी वह नाराज हुए। उन्होंने कहा कि तीन से अधिक मुलाकातियों को बंदी के पास न बैठने दिया जाए।
डीएम ने टोका तो दुकानदारों ने सड़क पर फैला सामान समेटा
शाहजहांपुर। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने महाशिवरात्रि और होली के मद्देनजर बृहस्पतिवार को प्रशासन और नगर निगम अधिकारियों के साथ बहादुरगंज मार्केट समेत अन्य बाजारों का भ्रमण किया। वहां फुटपाथ पर सामान फैला देख तो उन्होंने व्यापारियों को फुटपाथ खाली कराने को कहा। इस पर तमाम दुकानदारों ने कार्रवाई के डर से अपना सामान समेटकर दुकानों में रख लिया।
डीएम ने होली पर निकलने वाले जुलूस के रूट का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि जुलूस के रूट पर ईंट-पत्थर नहीं दिखने चाहिए। साथ ही रूट के गड्ढों को बजरी-कोलतार डालकर भरा जाए। उन्होंने पावर कारपोरेशन के अभियंताओं को सड़क की तरफ झुके पोल तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। कहा - इस कार्य में लापरवाही मिली तो कार्रवाई की जाएगी। जेल के पीछे बन रहे पार्किंग स्थल का जायजा लेते हुए उसके निर्माण कार्य मेें तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने नगर आयुक्त संतोष शर्मा को जेल के पीछे मंदिर की जर्जर दीवार की मरम्मत कराने के साथ ही मंदिर और उसके पास स्थित मजार का सौंदर्यीकरण कराने को कहा। बहादुरगंज मार्केट में डीएम ने सड़क पर खड़े वाहनों का चालान करने के निर्देश दिए। छोटी सब्जी मंडी का सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश देते हुए रोड से अतिक्रमण हटवाने को कहा। डीएम ने महाशिवरात्रि को देखते सभी शिवालयों समेत अन्य प्रमुख मंदिरों के आसपास सफाई एवं सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी डॉ. एस चन्नप्पा, एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी आदि अधिकारी मौजूद रहे।