तिलहर। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त 106 शिकायतों की सुनवाई की और उनमें से आठ मामलों का मौके पर निस्तारण कराया। गांव बराह मोहब्बतपुर निवासी सुरेश कुमार शुक्ला ने डीएम को शिकायती पत्र देते हुए कटरा खुदागंज क्षेत्र के विद्युत अवर अभियंता पर तीस हजार रुपये ट्यूबवेल कनेक्शन पर रिपोर्ट लगाने के लिए रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए रकम वापस दिलाए जाने की मांग की। शिकायत सुनते ही डीएम का पारा हाई हो गया। उन्होंने विभागीय अभियंता को मामले की जांच कर दोषी जेई के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में जमीन पर कब्जे को लेकर शिकायतें सर्वाधिक रहीं। इस दौरान गांव ढकिया शोभा निवासी ताहर सिंह ने मंदिर की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा करने की नियत से घूरा डाले जाने की शिकायत की। वहीं गांव सुरजूपुर निवासी संजीव ने बताया कि उसका भाई पिछले 11 वर्ष से जेल में होने के कारण उसकी जमीन पर गांव के कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। शिकायत पर डीएम ने थानाध्यक्ष जैतीपुर को मामले की जांच कर अवैध कब्जा हटवाने के निर्देश दिए। अपना दल के जिलाध्यक्ष सुनील पटेल ने ग्राम पंचायत सुल्तानपुर की कई समस्याओं का निस्तारण कराए जाने की मांग की । गांव डभौरा के शकील अहमद ने अपनी ग्राम पंचायत में दूसरी ग्राम पंचायत अमनपुर, बढ़ेपुर और नवदिया के मतदाताओं के नाम हटवाने की मांग की।
ग्राम आजमाबाद निवासी सुनीता, ग्राम डभौरा निवासी रामपाल और ग्राम बंडा हरबंशपुर निवासी अंगने लाल ने जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की। डीएम ने मामले की जांच तहसीलदार और नायब तहसीलदार को देकर तत्काल समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक एस आनंद, एसडीएम वेद सिंह चौहान, सीओ परमानंद पांडेय, तहसीलदार तृप्ति गुप्ता, नायब तहसीलदार, पूर्ति निरीक्षक, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ कमरुज्जमा, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी सर्वेश कुमार कुशवाहा आदि अधिकारी मौजूद रहे।
सदर तहसील मेें पांच शिकायतें निस्तारित
शाहजहांपुर। एडीएम फाइनेंस गिरिजेश कुमार चौधरी ने सदर तहसील मेें आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस मेें विभिन्न विभागों से जुड़ीं 47 जन शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने तहसीलदार पुष्पेंद्र कुमार सिंह के सहयोग से राजस्व विभाग की तीन शिकायतों का तत्काल समाधान कराया। इसी मौके पर अधिकारियों ने चौक कोतवाली पुलिस से जुड़े एक मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता से निपटारा कराया और आपूर्ति विभाग की एक शिकायत निस्तारित कराई।आज राजस्व विभाग की सर्वाधिक 20 और पुलिस से संबंधित लगभग दस शिकायतें प्राप्त हुईं। शेष बचे प्रकरण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के सुपुर्द किए गए।
जलालाबाद में सीडीओ व एसपी ग्रामीण ने सुनीं शिकायतें
शाहजहांपुर। जलालाबाद तहसील परिसर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में सीडीओ प्रेरणा शर्मा और एसपी ग्रामीण निपुण अग्रवाल ने विभिन्न विभागों से जुड़ीं 22 शिकायतों की सुनवाई की और उनमें से पांच मामलों का तत्काल निस्तारण कराया। सीडीओ ने सिंचाई विभाग की लापरवाही पर संबंधित विभाग के अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।
क्षेत्र के गांव अमापुर अमेला के ग्रामीणों ने बताया कि गांव की नहर में काफी दिनों से पानी नहीं आ रहा और इसका फायदा उठाकर गांव के ही कुछ लोगों ने नहर विभाग की जमीन पर कब्जा कर फसल उगा ली है। ग्रामीणोों के अनुसार शिकायत नहर परियोजना अधिकारियों से भी की, मगर कोई कार्यवाही नहीं हुई। सीडीओ ने ग्रामीणों को नहर को जल्द कब्जा मुक्त कराने के साथ ही समय से नहर में पानी आपूर्ति का आश्वासन दिया।
ब्लाक परिसर का भी किया निरीक्षण
तहसील दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुनने के बाद सीडीओ जलालाबाद ब्लॉक परिसर पहुंची और वहां सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही एडीओ पंचायत राजेश शर्मा को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिशा निर्देश दिए। उन्होंने ब्लॉक कार्यालय में भी कई योजनाओें के अभिलेखों की जांच कर पूरे ब्लॉक परिसर का निरीक्षण किया।
तिलहर चीनी मिल का डीएम ने किया निरीक्षण
तिलहर। तहसील दिवस के बाद डीएम इंद्र विक्रम सिंह व एसपी एस आनंद ने के साथ चीनी मिल जाकर वहां गन्ना तौल कांटे से लेकर चीनी निर्माण करने वाली मशीनों और गोदाम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को पेराई के लिए जड़ और अगौला रहित ताजा गन्ना लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा चीनी मिल के ड्रॉयर हाउस, मिल हाउस, गन्ना पटला, बायलर, चीनी मिल गोदाम, रैन बसेरा आदि को भी देखा।