पुवायां (शाहजहांपुर)। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. एस चन्नप्पा ने बुधवार शाम पुवायां में पुलिस बल के साथ रूट मार्च निकाला और दुकानों के बंद होने के समय का पालन कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान दोनों अधिकारियों ने बताया कि कोविड-19 महामारी से बचाव हेतु भारत सरकार की ओर से आरोग्य सेतु एप लांच किया गया है। सभी लोग आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कर लें जिससे उनको अपने आसपास कोरोना संक्रमितों के बारे में जानकारी मिल सके। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने पुवायां इंटर कालेज स्थित क्वारंटीन सेंटर का भी निरीक्षण कर जरूरी दिशा निर्देश दिए। श्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि बाहर से आने वाले ऐसे श्रमिक जो पात्र हों, उनका पंजीकरण कर शासन की योजनाओं का लाभ दिलाएं।
एसपी ने कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह को लॉकडाउन का सही से अनुपालन कराने के साथ, जनता को जागरूक कर उनके मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कराने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम दशरथ कुमार, सीओ नवनीत कुमार नायक सहित तमाम पुलिसकर्मी मौजूद रहे।