यातायात माह के उपलक्ष्य में उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल कंछल गुट द्वारा ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से मंगलवार को खिरनीबाग के जीआईसी ग्राउंड पर लगाए गए ड्राइविंग लाइसेंस और ग्रीन कार्ड शिविर को शहर के लोगों ने हाथों-हाथ लिया। शिविर में सुबह से लोगों की भीड़ उमड़ने लगी और शाम तक मैदान दुपहिया वाहन चालकों से गुलजार रहा। एआरटीओ प्रशासन आरपी सिंह ने कई वाहन चालकों को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए।
इससे पूर्व, सीओ सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल यादव ने शिविर का उद्घाटन किया। इसी के साथ काउंटरों पर बैठे सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय ओर यातायात पुलिस के कर्मचारियों ने वाहन चालकों को डीएल और ग्रीन कार्ड बनवाने को फार्म जारी करने शुरू कर दिए। दिन में 11 बजे से आरंभ हुए शिविर का समापन दोपहर दो बजे होना था, लेकिन इतनी अधिक संख्या मेें फार्म आ गए कि उनके निस्तारण में चार बज गए। शिविर में 380 लोगों ने ग्रीन कार्ड बनवाए।
इसी अवधि में लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के लिए 472 फार्म वितरित किए गए। व्यवस्था में व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश गुप्ता, नगर अध्यक्ष सचिन बाथम, रोजा के चेयरमैन अजय गुप्ता, सुरेंद्र सिंह सेठ, राजीव खन्ना, अमित शर्मा, मुकुंद खन्ना, असलम, अभिनय गुप्ता, स्तुति गुप्ता, हिमानी खन्ना, रूपेश बोहरा, अक्षत गुप्ता आदि का सहयोग रहा। नगर अध्यक्ष बाथम ने सभी का आभार जताया।