रोजा पॉवर प्रोजेक्ट के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने दिवाली पर बोनस, वेतन, यूनिफार्म आदि कई मांगों को लेकर गांव बेहटी चौराहे के पास प्रदर्शन कर धरना दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने परियोजना निदेशक को संबोधित ज्ञापन कंपनी के एचआर हेड को दिया।
रोजा पॉवर प्रोजेक्ट में कार्यरत क्षेत्र के गांव ऐंठापुर, बीबीपुर, गुंवारी, जलालपुर, बेहटी, उटहा, दाउदपुर के अलावा हथौड़ा, जलालनगर, अहमदनगर के रहने वाले राम कुमार, बबलू, रामू कश्यप, शरीफ, सुशील कुमार, ओम प्रकाश, मुकेश समेत कई दर्जन कर्मचारी प्लांट में बतौर माली के पद पर कार्यरत हैं। यह लोग बुधवार की सुबह गांव बेहटी के पास रोजा पावर कंपनी के बने तालाब के पास एकत्रित हुए और अपनी मांगों में जमीन लेते समय नौकरी में 15 हजार रुपये वेतन हर माह देना, सुरक्षा के लिए पोशाक एवं उपकरण उपलब्ध कराना, मेडिकल लीव, कंपनी से परिवार वालों को मेडिकल की सुविधा प्रदान करना आदि मांगों को रखते हुए धरना प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। धरना प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे एचआर हेड एके चौरसिया एवं सीनियर मैनेजर राजेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें निराकरण का आश्वासन दिया।