जलालाबाद में बरेली हाईवे स्थित मैदान में टूर्नामेंट के दौरान शॉट लगाते विधायक अरविंद सिंह। संव
जलालाबाद। बरेली हाईवे स्थित मैदान पर चल रहे स्व. कांती मोहन द्विवेदी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को जलालाबाद की दिव्यांशु क्लब व देव क्लब के बीच मुकाबला हुआ। दिव्यांशु क्लब ने 72 रनों से एकतरफा मुकाबला जीत लिया।
टॉस जीतकर दिव्यांशु क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 162 रनों का स्कोर खड़ा किया। देव क्लब की टीम निर्धारित 12 ओवर में पांच विकेट खोकर केवल 92 रन ही बना सकी। टीम के लिए 76 रनों का योगदान देने वाले दिव्यांशु क्लब के वारिस को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
इससे पूर्व ददरौल विधायक अरविंद सिंह भी मैच देखने पहुंचे। उन्होंने पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और बैटिंग कर खेल का शुभारंभ किया। इस दौरान गोपाल मोहन द्विवेदी, भूपेंद्र सिंह भन्नू, सुधीर गुप्ता, दिलीप अग्निहोत्री, विनोद चंद्र शर्मा, रामू अग्निहोत्री, वीटू गुप्ता आदि मौजूद रहे। संवाद