फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देवी जागरण में करंट लगने से युवक की मौत

Fri, 07 Oct 2016 12:40 AM IST
शाहजहांपुर, अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
 देवी जागरण के लिए सजे टेंट में बिजली लाइन डाल रहे युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक के चाचा ने टेंट स्वामी पर चालू बिजली लाइन के ऊपर से जबरिया तार डलवाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन

खुटार में गोला मार्ग पर बृहस्पतिवार रात माता का जगराता होना था। इसके लिए पूरनपुर से चैंपियन टेंट हाउस को ठेका दिया गया था। टेंट कर्मचारी बुधवार से ही जागरण स्थल पर टेंट लगाने और बिजली लाइन आदि डालने का काम कर रहे थे। नगर के मोहल्ला पूर्वी गढ़ी निवासी सत्यवीर मिश्रा के पुत्र 27 वर्षीय मुनेश मिश्रा को भी टेंट स्वामी ने काम करने के लिए लगा रखा था। बृहस्पतिवार सुबह मुनेश ने जागरण स्थल के लिए जेनरेटर लाइन को पास से निकली बिजली की मुख्य लाइन के ऊपर से तार डालने का प्रयास किया, तार बिजली लाइन से छू गया। सप्लाई होने के कारण तार में करंट फैल गया और मुनेश उसकी चपेट में आकर तड़पने लगा। लोगों ने बिजली लाइन के ऊपर से बमुश्किल तार हटाया, लेकिन तब तक मुनेश की मौत हो चुकी थी। 
मुनेश की मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। पिता सत्यवीर, मां सत्यवती, पत्नी मानवी, बहन रागिनी, कीर्ति और लक्ष्मी रोती बिलखती मौके पर पहुंचीं। मृतक के चाचा रामप्रकाश मिश्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि टेंट व्यवसायी ने मुनेश को जबरन चलती लाइन के ऊपर से तार डालने को बाध्य किया, जिससे करंट लगने से मुनेश की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया है।
विज्ञापन

पांच बहनों का इकलौता भाई था मुनेश
खुटार। मुनेश पांच बहनों में इकलौता भाई था। वह टेंट आदि पर काम कर परिवार की गुजर बसर में मदद करता था। मुनेश की दो बहनों पूजा और संध्या की शादी हो चुकी है। रागिनी, कीर्ति और लक्ष्मी की शादी होनी है। मुनेश की शादी को अभी चार साल ही हुए हैं। उसके एक पुत्री ढाई वर्ष की आरूशी है। मुनेश की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। 
जागरण किया गया स्थगित
खुटार। जागरण स्थल पर टेंट हाउस के कर्मचारी की करंट से मौत हो जाने पर देवी जागरण स्थगित कर दिया गया है। आयोजकों ने कहा कि वह मुनेश की मौत से बेहद दुखी हैं और दुख की घड़ी में परिवार के साथ हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें