त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने वाले संभावित प्रत्याशियों की नामांकन प्रक्रिया कल सोमवार से शुरू हो जाएगी। नामांकन पत्र जमा करने के लिए प्रशासन सुरक्षा संबंधी तैयारियों में जुट गया है। चूंकि, जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन पत्र कलक्ट्रेट में जमा किए जाने हैं इसलिए वहां बैरीकेडिंग का काम रविवार सुबह से शुरू हो गया और दिन भर जारी रहा। इस बीच, कलक्ट्रेट और विकास भवन के कई कार्यालय राजपत्रित अवकाश के बावजूद खुले रहे।
नौ अक्तूबर को पहले चरण के लिए होने वाले मतदान को संभावित प्रत्याशियों के नामांकन पत्र 28 व 29 सितंबर को कलक्ट्रेट के अतिरिक्त मजिस्ट्रेट कक्ष में जमा किए जाने हैं। दोनों दिन सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। अधिकारियों का मानना है कि हर चुनाव की तरह इस बार भी प्रत्याशी नामांकन कराते वक्त अपना बाहुबल दिखाने के लिए समर्थकों की भीड़ लेकर कलक्ट्रेट पहुंच सकते हैं। ऐसे में किसी तरह की गड़बड़ी और अप्रिय स्थिति से बचने के लिए कलक्ट्रेट कैंपस को बांस-बल्लियों की बैरीकेडिंग से रविवार को अभेद्य दुर्ग में बदल दिया गया।
नामांकन और उससे जुड़ी सुरक्षा तैयारियों की निगरानी के लिए एडीएम प्रशासन मुनेंद्र नाथ उपाध्याय रविवार को दिन भर अपने कार्यालय में बैठकर संबंधित कर्मचारियों को दिशा निर्देश देने में जुटे रहे। निर्वाचन संबंधी तैयारियों के लिए जिला पंचायत सहित कलक्ट्रेट और विकास भवन के अन्य कई कार्यालय दिन भर खुले रहे। जिला कृषि रक्षा कार्यालय में मतदेय स्थलों पर भेजी जाने वाली स्टेशनरी के बंडल तैयार करने में सरकारी अमला जुटा रहा। क्षेत्र पंचायत सदस्यों के नामांकन के लिए इसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था ब्लॉक मुख्यालयों पर भी की गई है। एडीएम उपाध्याय ने बताया कि नामांकन के लिए प्रत्याशियों के साथ केवल उनके प्रस्तावकों को आरओ कक्ष तक जाने की अनुमति दी जाएगी।
नामांकन पत्रों की बिक्री के काम में आई तेजी
नामांकन की उल्टी गिनती शुरू होने के साथ ही जिला पंचायत सदस्य की उम्मीदवारी के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री का काम भी तेज हो गया है। चुनाव लड़ने के इच्छुक तमाम संभावित प्रत्याशी और उनके समर्थक जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे और निर्धारित शुल्क देकर नामांकन पत्र खरीदे। अपर मुख्य अधिकारी पीके सक्सेना ने बताया कि शनिवार शाम तक 68 नामांकन पत्र बिक्री किए गए। रविवार को भी लगभग तीन दर्जन नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। मंगलवार तक नामांकन पत्र खरीदे जा सकेंगे।
बंद रहे सीडीओ और डीपीआरओ के कार्यालय
डीएम शुभ्रा सक्सेना ने निर्देश दे रखे हैं कि पंचायत निर्वाचन से संबंधित अधिकारियों के कार्यालय सार्वजनिक अवकाश के दिन खुले रहेंगे। बावजूद इसके चुनाव में उप जिला निर्वाचन अधिकारी का दायित्व संभाले सीडीओ के कार्यालय में दिन भर ताले झूलते रहे। यही नहीं, जिला पंचायत राज अधिकारी चंद्रिका प्रसाद को 26 से 28 सितंबर के बीच ग्राम पंचायतों की आरक्षण सूची जारी करनी है, लेकिन उनका कार्यालय भी रविवार को बंद रहा। डीपीआरओ का मोबाइल फोन शनिवार सुबह से स्विच ऑफ मोड पर आ गया, जबकि सीडीओ काल रिसीव करने से कतराते रहे।