खुटार। सीएचसी पर बृहस्पतिवार को आयुष्मान भव मेला लगा। मेले में अव्यवस्थाओं के चलते कई कर्मियाें और रोगियों को खाना तक नहीं मिला। इसको लेकर कर्मचारियों में नाराजगी देखी गई।
सीएचसी परिसर में आयोजित मेले का मुख्य अतिथि विधायक चेतराम को बनाया गया था। किसी कारण विधायक मेले में नहीं पहुंच सके। मेले में आंगनबाड़ी, आशा कर्मचारी, संगिनी, बेसिक शिक्षा, बाल विकास परियोजना सहित कई विभागों की सहभागिता थी, जिस कारण कर्मचारियों की संख्या भी अधिक रही।
इसके अलावा मेले में लगभग चार सौ रोगी और उनके तीमारदार भी पहुंचे। मेले में रोगियों, तीमारदारों और कर्मचारियों को भोजन देने के निर्देश थे, लेकिन लंच पैकेट बेहद कम मंगाए गए। इस कारण रोगियों के साथ ही तमाम कर्मचारी भी भोजन से वंचित रहे और भूखे पेट काम लिए जाने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की।
मेले में पात्रों काे आयुष्मान कार्ड योजना लाभ दिया गया। इसके अलावा रोगियों को देखा गया और दवाएं दी गईं। मेले में 360 रोगियों को देखा गया और दवाएं दी गईं। इस दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. गोविंद स्वर्णकार, सीएचसी प्रभारी डाॅ. संजीव कुमार सहित स्टाफ मौजूद रहा।
सभी को भोजन दिया गया। लंच पैकेट आने में कुछ देरी जरूर हो गई थी। अन्य सभी व्यवस्थाएं भी दुरुस्त रहीं। - डॉ. संजीव कुमार, सीएचसी अधीक्षक खुटार