फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वृद्धावस्था पेंशन घोटाला: बर्खास्त समाज कल्याण अधिकारी ने शाहजहांपुर में हड़पे थे 2.52 करोड़ रुपये

Mon, 10 Nov 2025 01:00 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर
विज्ञापन
बर्खास्त जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार।
विज्ञापन

शाहजहांपुर। बहुचर्चित वृद्धावस्था पेंशन घोटाले के मुख्य आरोपी तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार की बर्खास्तगी से बुजुर्गों के जख्मों पर मरहम लगा है। राजेश कुमार से घोटाले के दो करोड़ 52 लाख रुपये की वसूली भी की जाएगी। समाज कल्याण अधिकारी ने गैंग बनाकर अपने डोंगल का इस्तेमाल कर बुजुर्गों के खातों को बदलकर रकम निकलवाई थी।

विज्ञापन


मार्च 2023 में जिला समाज कल्याण विभाग में वृद्धावस्था पेंशन घोटाला सामने आया था। तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार की मिलीभगत से 2390 बुजुर्गों की पेंशन दूसरे खातों में भेज दी गई थी। इसमें दो करोड़ 52 लाख रुपये का घोटाला हुआ था। तत्कालीन डीएम की रिपोर्ट पर शासन ने राजेश कुमार को निलंबित कर दिया था। इस मामले में तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी वंदना सिंह की तहरीर पर राजेश कुमार समेत नौ लोगों के खिलाफ थाना सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। राजेश कुमार समेत सभी लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

पूछताछ में सामने आया था कि राजेश कुमार ने घोटाले की रकम से हाईवे किनारे जमीन, कई मकान और गाड़ियां खरीदीं थीं। जेल से निकलने के बाद निलंबित जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार को मुख्यालय से अटैच कर दिया गया था। उन पर काफी दिनों से बर्खास्तगी की तलवार लटक रही थी।
विज्ञापन


290 लोगों से 37 लाख रुपये से अधिक की हो पाई वसूली
अब तक लगभग 290 लोगों से करीब 37 लाख रुपये की वसूली हो पाई है। लगभग 2100 लोगों से वसूली बाकी है। विशेष रूप से बड़ौदा यूपी बैंक, बैंक आफ बड़ौदा व इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में वसूली के लिए अधिक धनराशि बाकी है। सभी 2390 लोगों के खाते सीज कर दिए गए थे। इसके बाद वसूली की कार्रवाई की गई थी। इसकी वजह से करीब एक साल तक लगभग एक लाख बुजुर्गों को पेंशन नहीं मिल पाई थी। अभी कई बुजुर्गों को अपनी पेंशन के लिए समाज कल्याण विभाग के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

पेंशन हथियाने में शामिल था पूरा गैंग
बर्खास्त जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार ने पूरा गैंग बनाकर बुजुर्गों की पेंशन पर डाका डाला था। गैंग में शामिल लोग खाताधारकों के पास जाकर उनके खाते पर प्रधानमंत्री योजना की तरफ से रकम आने की बात कहते थे। उस व्यक्ति को वे लोग जनसेवा केंद्र तक ले जाते थे। अंगूठा लगाकर रकम उनके खाते से निकलवा लेते थे। उन लोगों को थोड़े रुपये दे देते थे। मामले में सीतापुर निवासी प्राइवेट कर्मचारी विशाल सक्सेना, सूरज, प्रियांशु, साकिब, खुशाल, रामऔतार, सतीश कश्यप, पप्पू के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें