फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गंदगी पर भड़के शहर के व्यापारियों का प्रदर्शन

Wed, 23 Sep 2015 11:17 PM IST
शाहजहांपुर।
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर में जहां-तहां लगे कूड़े और गंदगी के ढेर साफ नहीं किए जाने से डेंगू के रोगियों की बढ़ती संख्या और बिजली कटौती के विरोध में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारी बुधवार को भड़क उठे। उन्होंने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करके गंदगी की समस्या पर अधिकारियों का ध्यानाकर्षण किया। बाद में डीएम के नाम ज्ञापन देकर पालिका परिषद के ईओ को सफाई व्यवस्था और फॉगिंग के लिए जरूरी निर्देश देने की मांग की।
विज्ञापन

प्रदर्शन में शामिल व्यापारियों का नेतृत्व करते हुए संगठन की युवा इकाई के नगर अध्यक्ष अनवार खां ने कहा कि भीषण गर्मी में मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। बावजूद इसके बेहिसाब बिजली कटौती और लाइन फाल्ट के कारण लोग मच्छरों से होने वाली डेंगू, मलेरिया, वायरल फीवर आदि बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे हालात में पालिका प्रशासन नाले-नालियों की सफाई और फॉगिंग कराने में उदासीनता बरत रहा है।
संगठन की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट नरेंद्र सिंह को दिए ज्ञापन में संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, गोविंदगंज और रोडवेज के पीछे की रेलवे क्रॉसिंग पर दुर्घटनाएं रोकने को अंडर पास बनाने, दूषित पेयजल सप्लाई रोकने के लिए क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों की लीकेज ठीक कराने, मुख्य बाजारों में महिलाओं के लिए टॉयलेट बनाने, सदर बाजार की चूड़ी वाली गली को समतल करने आदि मांगों का उल्लेख किया गया है। प्रदर्शन में आशीष वर्मा, योगेश वाजपेयी, देवेश गुप्ता, पंकज वर्मा, इलियास कुरैशी, खुशनाज, राजा रस्तोगी, संजीव कपूर, रामप्रेम मिश्रा, सतीश शर्मा, यासीन खां, सुनीता गुप्ता, वसीउल्ला, शोएब हाशमी आदि शामिल रहे।
विज्ञापन


लचर सफाई व्यवस्था से लोग हो रहे बीमार
शाहजहांपुर। भाजपा जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका परिषद के ईओ को ज्ञापन देकर शहर में साफ सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। साथ ही शहर में भीषण गंदगी व्याप्त होने से लोगों के बुखार और संक्रामक रोगों के चपेट में आने की आशंका व्यक्त की।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश में डेंगू, मलेरिया, टायफाइड, जापानी बुखार आदि का कहर जारी है। वहीं शहर में सफाई व्यवस्था चौपट पड़ी हुई है। कहा कि मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग कराई जाए, सभी मोहल्लों की तलीझाड़ सफाई कराई जाए। साथ ही कूड़े के ढेरों का समय से निस्तारण और जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र के पंजीकरण के नाम पर हो रही धन उगाही को रोका जाए। इस मौके पर नगर अध्यक्ष सुनील सैनी, आशीष मिश्रा, आकाश गुप्ता, ताराचंद, अमन सक्सेना, विशाल कश्यप, गौरव शर्मा, अभिषेक यादव, शिवम शर्मा, अमित, नीरज, अरुण रस्तोगी आदि मौजूद रहे।

ईओ ने लिया सफाई व्यवस्था का जायजा
जलालाबाद। बकरीद और मच्छरों से होने वाले वायरल बुखार के बढ़ते प्रकोप के चलते नगर पालिका की ओर से बुधवार से शुरू किए गए विशेष सफाई अभियान का ईओ एनके गुप्ता ने औचक निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। गुप्ता ने बताया कि पहले दिन मोहल्ला इसरारनगर, अशफाक नगर, सरदार नगर, मुख्तार नगर में सफाई अभियान चलाया गया जो आगे भी जारी रहेगा। इसके लिए प्रत्येक वार्ड में छह अतिरिक्त सफाईकर्मी लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि सफाई के दौरान मौके पर कूड़ा निस्तारण की भी व्यवस्था कराई गई है। उन्होंने सफाई नायकों को चेतावनी दी कि यदि इस कार्य में लापरवाही की शिकायत मिली तो कड़ी कार्रवाई होगी। इस दौरान गफ्फार बाबू तथा अशोक शर्मा भी मौजूद रहे।

बकरीद की तैयारियों को लेकर पालिका में हुई बैठक
शाहजहांपुर। बकरीद पर शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और कुर्बानी के अपशिष्टों का तुरंत निस्तारण करने के निर्देश देने के लिए नगर पालिका परिसर में चेयरमैन तनवीर खां की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें चेयरमैन ने रविवार को शहर की सफाई व्यवस्था में हो रही हीलाहवाली को लेकर सफाई निरीक्षकों और सफाई नायकों को सख्त निर्देश दिए।
चेयरमैन ने कहा कि ईदगाहों की ओर जाने वाली सड़कों की बेहतर सफाई कराई जाए और मार्गों पर चूना डलवाया जाए। साथ ही ईदगाहों में फॉगिंग कराने के निर्देश दिए। मदरसों, मस्जिदों सहित विभिन्न कुर्बानी स्थलों पर अपशिष्ट निस्तारण के लिए डिब्बे में व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। तनवीर ने डंपिंग स्थलों से कूड़ा हटाने के बाद कीटनाशक का छिड़काव जरूर करने के निर्देश दिए।
खां ने निर्माण अनुभाग के जेई के मार्गों के गड्ढे आदि को भराने और ईंट रोड़ा, पत्थर आदि को हटाने और पेयजल प्रभारी को दो पंपों पर किराए के जेनरेटर लगाकर बकरीद पर सुबह छह बजे से पानी की सप्लाई करने के निर्देश दिए। इस मौके पर ईओ मुनेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि सभी कर्मचारी मेहनत के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

जिला अस्पताल में बढ़ी बुखार के मरीजों की संख्या
शाहजहांपुर। जिला अस्पताल में बुखार की दवा लेने वाले मरीजों की संख्या बढ़ गई है। डॉक्टरों के मुताबिक ट्रामा सेंटर में आने वाला हर दूसरा मरीज बुखार से पीड़ित आ रहा है।
जिला अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक इन दिनों बुखार से पीड़ित मरीज अधिक आ रहे हैं। कहा कि मंगलवार को ट्रामा सेंटर में आए 83 मरीजों में से 40 से अधिक मरीज बुखार से पीड़ित थे। कमोबेश यही स्थिति बुधवार को भर्ती होने वाले मरीजों की रही। डॉक्टरों का कहना है कि बुखार में डेंगू जैसे लक्षण प्रतीत होने पर तुरंत जांच कराई जा रही है।

डेंगू मरीजों के लिए बढ़ाए गए 30 अतिरिक्त बेड
शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने जिला अस्पताल में पहुंचकर डेंगू बुखार से पीड़ित मरीजों का हाल चाल लिया। साथ ही मरीजों को अस्पताल से दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए भी कहा। मरीजों को देखकर खां ने सीएमएस से बेड बढ़ाने के लिए कहा। इस पर सीएमएस ने बताया कि डेंगू के मरीजों को ध्यान में रखते हुए 30 अतिरिक्त बेडों का इंतजाम कर लिया गया है। इस मौके पर कासिम खां, असलम अंसारी, मुन्ने बेग, मुंतका बेग, डॉ. सिन्हा, रहमान खां, अतीउल्ला सिद्दीकी, रफत, आरिफ, रानू आदि मौजूद रहे।

डेंगू से बचाव को बांटी गिलोए बेल
शाहजहांपुर। राष्ट्र स्वाभिमान ट्रस्ट और आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से डेंगू से बचाव में सहायक बनी गिलोय बेल का नि:शुल्क वितरण किया गया। टाउनहाल स्थित श्रीश्री आयुर्वेदा शॉप पर गिलोय बेल पाने के लिए लोग जुटे रहे। ट्रस्ट के संयोजक अशित पाठक ने बताया कि गिलोय बेल का नि:शुल्क वितरण 30 सितंबर तक किया जाएगा। इस मौके पर डेंगू बुखार की रोकथाम और उपचार के नुस्खे भी बताए गए। वितरण में नरेश अग्रवाल, आनंद पांडेय, आलोक, उदय, मनीष, पंकज सक्सेना, अंशु गुप्ता सुजीत, प्रज्ञा, मोहित, अवनीश, सुभाष, अनिल आदि का योगदान रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें