शाहजहांपुर। नगर निगम क्षेत्र की समस्याएं कम नहीं हो रही हैं। मंगलवार को संभव के तहत जनसुनवाई में गंदगी और जलापूर्ति की समस्याएं उठाई गईं। कुल पांच में दो शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका।
सिस्टेमैटिक एडमिनस्ट्रेटिव, मैकेनिज्म, ब्रिगिंग, हैपीनेंस एंड वैल्यू (संभव) के तहत नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र की अध्यक्षता में जनसुनवाई हुई। इसमें राजो वाली मस्जिद के पास रहने वाले मोहम्मद जीशान ने अनुस्मारक पत्र तीन का निस्तारण कराने के लिए प्रार्थना पत्र सौंपा।
मोहल्ला अंटा निवासी अरविंद सिंह ने गंदगी और अतिक्रमण के संबंध में अवगत कराया। मघई टोला के मोहम्मद फहीम खां व आदर्श नगर कॉलोनी रोजा के अशोक कुमार ने मृत्यु प्रमाण पत्र बनने में आ रही समस्या बताई। जेल रोड पर रहने रामलाल ने पेयजल की समस्या का समाधान कराने व पाइप लाइन डलवाने की मांग की।
मृत्यु प्रमाण पत्र के संबंध में प्राप्त शिकायतों का मौके पर निस्तारण करा दिया गया। इससे शिकायतकर्ता संतुष्ट नजर आए, लेकिन बाकी को सिर्फ आश्वासन देकर लौटा दिया गया। नगर आयुक्त का कहना है कि मौके पर निस्तारण न होने वाली शिकायतों का समय और गुणवत्ता के साथ निस्तारण कराने के निर्देश संबंधितों को दिए गए हैं।