तिलहर। मोहल्ला हिंदू पट्टी में सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत पर एसडीएम जीत सिंह राय ने नगरपालिका परिषद को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
इस मामले में पूर्व सैनिक उम्मेद अली अंसारी ने डीएम से शिकायत की थी। इससे पहले भी एक बार शिकायत होने पर मामले को विधिक राय के लिए जिला शासकीय अधिवक्ता दीवानी के पास भेजा जा चुका है। शासकीय अधिवक्ता की राय पर एसडीएम ने जांच के आदेश दिए। अधिशासी अधिकारी सत्येंद्र प्रकाश ने बताया कि अवैध निर्माण को चिह्नित कर लिया गया है और वहां नोटिस चस्पा करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
वहीं, सुहेल अख्तर ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नगर पालिका जिस गाटा संख्या का हवाला दे रही है, उस संबंध में अगस्त 2022 में भी कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि पुराने मामले को दोबारा उठाया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच एवं न्यायोचित कार्रवाई की मांग की है। संवाद