टीकाकरण में नदारद रहीं छह एएनएम को हटाने के निर्देश
जिले में चले टीकाकरण अभियान में रुचि न लेते हुए तय तिथि को तैनाती स्थल पर नदारद रहीं छह एएनएम का वेतन रोकने एवं उनके संविदा पर होने की स्थिति में उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाने का डीएम पुष्पा सिंह ने शनिवार को निर्देश जारी किया। वह विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय टास्क फ ोर्स के साथ नियमित टीकाकरण एवं जिला स्वास्थ्य समिति की कामों की समीक्षा कर रही थीं।
उन्होंने सीएमओ डॉ. कमल कुमार को निर्देश दिया कि सभी प्राइवेट नर्सिंग होम का रजिस्ट्रेशन चेक कराएं। यदि रजिस्ट्रेशन नहीं है तो उसके विरूद्ध संपूर्ण विधिक कार्यवाही करें। उन्होंने सभी आशाओं को प्राइवेट नर्सिंग होम में न जाकर गर्भवती महिलाओं को सरकारी अस्पताल में संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करने को कहा। जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को समय से राशि भुगतान न होने की पुष्टि होने पर डीएम ने संबंधित बाबू अपूर्व दीक्षित को हटाने एवं उसकी जगह दूसरे को नियुक्त करने के निर्देश दिए। हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की लिस्ट डीएम ने तलब की है एवं सभी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसी महिलाओं को ब्लड की आपूर्ति समय से करें। चिकित्साधिकारियों को अपने-अपने स्वास्थ्य केंद्रों पर सफाई व्यवस्था को ठीक रखने के लिए सफाई कर्मी व खाना बनाने वालों की संख्या बढ़ाने के लिये टेंडर जारी कर काम पूरा करने को कहा। बैठक में सीडीओ टीके शिबु समेत स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी मौजूद थे।
बाढ़ और कटान की तत्काल सूचना दें
शाहजहांपुर। जनपद में वर्षा, अतिवृष्टि, जलप्लावन आदि से भूमि या भवन आदि के कटने और होने वाली अन्य क्षति के संबंध में शिकायतें संबंधित तहसीलदार या उप जिलाधिकारी को अथवा कलक्ट्रेट स्थित बाढ़ नियंत्रण कक्ष (दूरभाष नंबर 05842-282600) में अंकित कराई जा सकती हैं। यह जानकारी एडीएम वित्त एवं राजस्व शंकर मुखर्जी ने दी।