प्रारंभिक ग्रेड वेतन में संशोधन की मांग को लेकर डिप्लोमा इंजीनियर्स
महासंघ से जुड़े विभिन्न विभागों के अभियंताओं ने मंगलवार को 13वें दिन भी
कार्य बहिष्कार कर लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन परिसर में धरना दिया।
इस मौके पर महासंघ के पदाधिकारियों ने प्रांतीय नेतृत्व का निर्देश मिलने
पर बुधवार से बेमियादी हड़ताल शुरू कर देने की हुंकार भरी।
इसकी
अध्यक्षता कर रहे महासंघ के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि प्रारंभिक
ग्रेड वेतन में संशोधन और अन्य मांगों पर विचार करने के लिए सरकार ने जो
समय मांगा था, वो आज पूरा हो गया। जिला सचिव एम रहमान ने कहा कि मांगों पर
शासनादेश जारी नहीं होने के कारण प्रांतीय नेतृत्व ने बुधवार से हड़ताल
घोषित कर दी है। शैलेंद्र अवस्थी ने कहा कि हड़ताल की स्थिति में जिले के
सभी 120 डिप्लोमा इंजीनियर सारे विकास और निर्माण कार्य रोक देंगे। धरना
में शशि कुमार, रवींद्र गौतम, प्रवीण कुमार, सोमपाल, अरविंद पटेल, अतर पाल,
ठाकुर सिंह, हरेंद्र कुमार, हितेश वर्मा, गया प्रसाद चौरसिया आदि शामिल
रहे।