नगर निगम कर्यालय में जनसुनवाई के दौरान शिकायतें सुनते अपर नगर आयुक्त एसके सिंह। संवाद
शाहजहांपुर। नगर निगम कार्यालय में सिस्टमेटिक एडमिनिस्ट्रेटिव मेकैनिज्म ब्रिंगिंग हैप्पीनेस एंड वैल्यू (संभव) के तहत जनसुनवाई कार्यक्रम में मंगलवार को अपर नगर आयुक्त एसके सिंह ने शिकायतें सुनीं। इसमें आईं छह शिकायतों में चार का माैके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
केरुगंज निवासी आजाद बाबू, महेंद्र वर्मा व राहुल राजपूत ने बताया कि उनके घर के सामने जर्जर हो चुका भवन कभी भी गिर सकता है। इसमें कोई नहीं रहता, जिसको ध्वस्त करवाना हितकर होगा। अपर नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता निर्माण आशीष त्रिवेदी को मामला दिखवाने का निर्देश दिया। कांशीराम कॉलोनी निवासी राजरानी ने बताया कि कॉलोनी में वो जिस आवास में रहती हैं, उसके बाहर ही कुछ दबंगों ने लकड़ी व फट्टे लगाकर कब्जा कर रखा है। प्रवर्तन दल ने मौके पर जाकर देखा पर कब्जा नहीं हटवाया गया। अपर नगर आयुक्त ने प्रवर्तन दल के अधिकारी को बुलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। हालांकि, राजरानी की शिकायत दर्ज नहीं की गई। इससे पहले सुधा त्रिपाठी की जन्मप्रमाण पत्र बनवाने की शिकायत का त्वरित निस्तारण कर दिया गया।
जिन दो शिकायतों का निस्तारण नहीं हो सका, उनमें बिजलीपुरा निवासी नरगिस द्वारा पति के मृत्य प्रमाणपत्र में पत्नी का नाम दर्ज कराने और तारीन जलालनगर निवासी मुजीब उर रहमान द्वारा मोहल्ले में बड़े नाले की टूटी बाड़ के निर्माण को लेकर शिकायत रही।