जिले में द्वितीय चरण का मतदान निपटने के बाद रोजा मंडी में स्ट्रांग रूम में रखी गई ईवीएम मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए बृहस्पतिवार को डीआईजी आशुतोष कुमार जिले में थे। उन्होंने स्ट्रांग रूम सुरक्षा व्यवस्था पर संतुष्टि जाहिर करने के साथ ही महाशिव रात्रि पर्व व होली पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की। बृहस्पतिवार दोपहर लगभग एक बजे डीआईजी आशुतोष कुमार एसपी केबी सिंह, एसपी ग्रामीण रमेश कुमार भारतीय, एसपी सिटी कमल किशोर व रोजा इंस्पेक्टर कमरुल हसन के साथ रोजा मंड़ी में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखी ईवीएम सुरक्षा व्यवस्था देखने पहुंचे। वह मंडी में लगभग आधा घंटे तक रुके और उन्होंने ईवीएम मशीनों की सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं को देखने के साथ यह भी कहा कि इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए। यहां से निकलने बाद बाद डीआईजी पुलिस लाइन पहुंचे। यहां उन्होंने एसपी और एसपी सिटी व एसपी ग्रामीण से होली पर्व पर निकलने वाले लाट साहब जुलूस पर सुरक्षा व्यवस्था व महाशिव रात्रि पर्व पर मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की।