अल्हागंज क्षेत्र के ठिंगरी गांव में आग से झुलसी 15 वर्षीय किशोरी की सोमवार सुबह मौत हो गई। वह पांच अगस्त को आग से झुलस गई थी। राजकीय मेडिकल कॉलेज में उसका उपचार चल रहा था।
शाहजहांपुर के अल्हागंज थाना क्षेत्र के ठिंगरी गांव में बंदर के कूदने से अलमारी में रखी डीजल की पिपिया नीचे गिर गई। डीजल फैलने से खाना बना रही नीलम (15) आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। सोमवार सुबह राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
गांव निवासी शीशराम ने बताया कि वह ईंट-भट्टे पर मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। निर्माण कार्य के लिए पुराना मकान तुड़वाया था। जनरेटर के लिए डीजल पिपिया में लाकर बरामदे में अलमारी में रख दिया था। पांच अगस्त की शाम उनकी बेटी नीलम बरामदे में गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान बंदर के कूदने से अलमारी में रखी डीजल की पिपिया नीचे गिर गई। डीजल फैलने से आग भड़क गई और नीलम गंभीर रूप से झुलस गई।
परिजन उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां तभी से उसका उपचार चल रहा था। सोमवार रात करीब ढाई बजे नीलम ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी मौत से मां रिंकी देवी, बहनें अनीता व सुनाक्षी और भाई अनूप का रो-रोकर हाल बेहाल है। सीओ दीपक कुमार ने बताया कि परिजनों ने पुलिस को हादसे में किशोरी के झुलसने की बात बताई है।