शाहजहांपुर। मयूर स्पोर्टिंग की ओर से आयोजित अंडर-17 क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को डायमंड स्पोर्ट्स अकादमी रोजा ने सीसीए डे नाइट क्रिकेट अकादमी ओसीएफ को 43 रनों से हरा दिया। विजेता टीम के मोनू कुमार ने शानदार बल्लेबाजी की, जबकि गेंदबाजों ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
जीएफ कॉलेज के मैदान पर हुए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डायमंड स्पोर्ट्स अकादमी ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 129 रन बनाए। इसमें मोनू कुमार ने 39, हर्ष ने 30 और कृपांक ने 15 रन का योगदान दिया। सीसीए के गेंदबाजों ने 29 अतिरिक्त रन भी दिए। आदित्य राठौर, अंश प्रताप सिंह और देवा ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीसीए की टीम 86 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से देवा ने सर्वाधिक 27 और आदित्य राठौर ने 22 रन बनाए। डायमंड अकादमी के समर सिंह राव ने तीन विकेट लिए, जबकि राजन, रजनीश और रुद्र राजपूत ने दो-दो विकेट हासिल किए। इस तरह डायमंड अकादमी ने 43 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया। अंपायर रिजवान रहे, जबकि मैच का आंखों देखा हाल मयूर खन्ना ने सुनाया।
-
बॉक्स क्रिकेट अकादमी ने फरीद अकादमी को 17 रनों से हराया
शाहजहांपुर। कैंट क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित क्रिकेट मैच में बॉक्स क्रिकेट अकादमी ने फरीद अकादमी को 17 रनों से हरा दिया।
जीएफ कॉलेज के मैदान पर खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए बॉक्स क्रिकेट अकादमी की टीम ने 86 रनों का लक्ष्य रखा। टीम की ओर से युवराज सिंह ने 17, अनुज गुप्ता ने 14 और हिमांशु वर्मा ने सात रन बनाए। फरीद अकादमी के गेंदबाज प्रतीक राना ने चार और अनुग्रह मिश्रा ने तीन विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी फरीद अकादमी की टीम बॉक्स के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 69 रनों पर आउट हो गई। टीम की ओर से आशुतोष मिश्रा ने सर्वाधिक 13 रन बनाए। इस तरह बॉक्स क्रिकेट अकादमी ने 17 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया। बॉक्स अकादमी के गेंदबाज आशीष गौतम ने तीन, जितिन कनौजिया ने दो, वैभव पांडेय व अनुज गुप्ता ने एक-एक विकेट हासिल किया। संवाद