गांव गुलड़िया समेत आसपास गांवों के कई कुशवाहा परिवारों को ईसाई बनाने की
दिशा में चलाई जा रही मुहिम के मामले में विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं।
इस मामले में प्रशासन के रवैये को ढुलमुल बताते हुए सोमवार को भाजयुमो तथा
विभिन्न हिंदू संगठनों ने तहसील पहुंचकर जोरदार नारेबाजी की और एसडीएम को
संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। इन संगठनों ने धर्मांतरण से पहले हो रही
‘चंगाई सभा’ पर रोक लगाने और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की
मांग की, साथ ही कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
एसडीएम की
गैरमौजूदगी में तहसीलदार लालता प्रसाद तिवारी को दिए ज्ञापन में कहा गया है
कि उक्त गांव के दर्जनों लोगों को षड़यंत्रपूर्वक गुमराह करके लोभ लालच
देकर ईसाई मिशनरी से जुड़े लोग चंगाई सभा का आयोजन करवा रहे हैं। रविवार को
बारहपत्थर चौराहा के पास पूर्व प्रधान मातादीन वर्मा के घर पर इसकी पुष्टि
होने के बाद भी प्रशासन ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।
इससे हिंदू
समाज में रोष है। ज्ञापन देने वालों में विहिप के जिलाध्यक्ष डा. ब्रजेश
गुप्ता, बजरंग दल के जिला संयोजक आलोक शर्मा, भाजयुमो के दिनेश सिंह राठौर,
पूर्व चेयरमैन कमला निवास शास्त्री, राहुल सक्सेना, कमलेश अवस्थी, सोनू
दीक्षित, मनोज, सचिन शर्मा, ब्रजेश राठौर, अंकित गुप्ता, गौरव आदि मौजूद
रहे।