तिलहर (शाहजहांपुर)। दुबई में मुस्लिम महिलाओं को नौकरी के दौरान अधिक वेतन मिलने के लालच में तिलहर की युवती के धर्मांतरण करने के मामले में रिश्तेदार युवती को मूल धर्म में वापसी के लिए प्रयासरत हैं। दो-चार दिन में युवती की मूल धर्म में वापसी की संभावना जताई जा रही है।
तिलहर के एक गांव की युवती दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर टिकट विंडो में नौकरी करती है। दुबई में मुस्लिम महिलाओं को नौकरी के दौरान अधिक वेतन मिलने के लालच में उसने दिल्ली में धर्म परिवर्तन कर लिया। बेटी के इस कदम से घरवाले परेशान है।
परिजन ने 19 मई को बेटी की शादी मुरादाबाद के एक हिन्दू युवक से की थी और 27 मई को युवती ने धर्म परिवर्तन कर लिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार युवती की दो-चार दिन में मूल धर्म में वापसी की संभावना है। युवती के पिता बहुत भयभीत हैं और लोगों से बातचीत करने से कतरा रहे हैं। उन्हें अपने परिवार की बदनामी की चिंता सता रही है।
युवती ने स्वेच्छा से धर्मांतरण की बात कही है। पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
-संजीव कुमार वाजपेयी, एसपी ग्रामीण