शाहजहांपुर जिले में आठ घंटे के अंदर श्रद्धालुओं की एक और बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा कांट-जलालाबाद मार्ग पर हुआ। मथुरा से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में एक श्रद्धालुओं की मौत हो गई। चार लोग घायल हुए हैं।
शाहजहांपुर में कांट-जलालाबाद मार्ग पर बुधवार तड़के श्रद्धालुओं की बस डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में लखीमपुर खीरी जिले के पढुआ थाना क्षेत्र के गांव चहलुआ निवासी भगौती प्रसाद (55) की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
मथुरा से बाबा जय गुरुदेव के सत्संग में शामिल होने के लिए लखीमपुर के श्रद्धालु गए थे। बस में करीब 50 श्रद्धालु सवार थे। बुधवार को तड़के करीब पांच बजे कांट-जलालाबाद मार्ग पर ददरौल मोड़ के पास बस डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना पर कांट इंस्पेक्टर राकेश मौर्या पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
हादसे में भगौती प्रसाद की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। क्रेन की सहायता से बस को हाईवे से हटवाकर यातायात को शुरू कराया है। हादसे का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।
रात में दिल्ली हाईवे पर हुआ था हादसा
इससे पूर्व मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर नगरिया मोड़ पुलिस चौकी के पास श्रद्धालुओं से भरी निजी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई थी। यह श्रद्धालु भी जय गुरुदेव के सत्संग से लौट रहे थे। इस हादसे में बच्ची समेत छह लोग घायल हुए हैं।