शाहजहांपुर। परिषदीय स्कूलों में मिलने वाली कंपाेजिट ग्रांट की धनराशि का ब्योरा विद्यालय की दीवारों पर लिखना जरूरी कर दिया गया है। इसके लिए बीएसए कार्यालय से सभी स्कूलों को पत्र जारी किया है। उद्देश्य है कि कंपोजिट ग्रांट की धनराशि में खेल नहीं हो सके और सारी व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे।
जिले में 2716 परिषदीय स्कूलों का संचालन होता है। इन स्कूलों को बच्चों की संख्या के हिसााब से कंपोजिट ग्रांट जारी की जाती है। इसी रुपये से विद्यालय में मरम्मत, साफ-सफाई का सामान, वॉल पेटिंग, रंगाई-पुताई समेत जरूरत का सामान खरीदा जाता है। इस धनराशि के खर्च में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए तीन साल का ब्योरा दीवारों की गेट पर लिखने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन विभाग के अधिकारियों की बात का शिक्षकों ने संज्ञान नहीं लिया।
अब एक बार फिर बीएसए कार्यालय से पत्र के साथ फार्मेट जारी कर तीन साल का ब्योरा दीवारों पर लिखने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्य कराने के बाद इसकी तस्वीर बीएसए कार्यालय में उपलब्ध करानी होगी।
कंपोजिट ग्रांट का तीन साल का ब्योरा स्कूल की दीवार पर अंकित किए जाने के निर्देश दिए हैं। इसके जरिये कंपोजिट ग्रांट के खर्च होने वाले बजट की व्यवस्था पारदर्शी रहेगी।
-सुरेंद्र मौर्या, बीईओ मुख्यालय