तिलहर। उपनिदेशक प्रशासन मंडी ने मंगलवार को मंडी स्थल में सरकारी खरीद केंद्रों पर गेहूं की खरीद कम होने और गलत सूचना देने को लेकर क्षेत्रीय विपणन अधिकारी मुनेंद्र नाथ पटेल से नाराजगी जताई। उन्होंने गल्ला व्यापारियों और केंद्र प्रभारियों की बैठक लेते हुए आपसी तालमेल से सरकारी खरीद में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए।
मंगलवार पूर्वाह्न लगभग 11 बजे उपनिदेशक प्रशासन मंडी पहुंच गए। उन्होंने मंडी कार्यालय स्थल सभागार में गल्ला व्यापारियों और केंद्र प्रभारियों की बैठक लेते हुए गेहूं खरीद की समीक्षा की। व्यापारियों ने कहा कि केंद्र प्रभारी किसानों से माल खरीद लें। हम अभी कोई माल नहीं खरीदेंगे। इस बात पर केंद्र प्रभारी तैयार नहीं हुए। केंद्र प्रभारियों ने कहा कि किसानों की ट्राॅली उनके पास भेज दो। व्यापारियों ने कहा कि हम किसी को समझा सकते हैं लेकिन वहां तक ले नहीं जा सकते। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में नोकझोंक होने लगी।
उपनिदेशक ने व्यापारियों को समझाते हुए कहा कि वे शासन के कार्य में सहयोग करें। आने वाले किसान को समझाकर गेहूं केंद्र तक भिजवाने का काम करें। बैठक के दौरान मंडी सचिव रामनिवास, गल्ला व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव अग्रवाल, राइस मिलर्स पंकज गुप्ता, दिनेश गुप्ता, हरिमोहन गुप्ता, गोविंद अग्रवाल आदि मौजूद रहे।