कोटेदारों के द्वारा राशन का वितरण न किए जाने से नाराज राशन कार्डधारकों ने सोमवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। शिव सेना महिला प्रकोष्ठ की जिला प्रमुख चंचला रानी नैय्यर के नेतृत्व में पहुंचे राशन कार्डधारकों ने डीएम को आठ सूत्री ज्ञापन दिया। साथ ही संबंधित कोटेदारों की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की।
चंचला रानी ने बताया कि जलालाबाद और तिलहर तहसील क्षेत्रों के तमाम राशनकार्ड धारकों को कोटेदार राशन वितरण नहीं करते हैं। इससे कार्डधारकों को खाने के लिए अनाज नहीं मिल पा रहा है। कहा कि नगर क्षेत्र के कोटेदार तमाम कार्ड पर राशन देने से इंकार कर देते हैं। इस मामले में डीएसओ से शिकायत की जा चुकी है। इसके बाद भी कोटेदार सुनने को तैयार नहीं हैं। इसलिए ऐसे कोटेदारों की जांच कराकर कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में दिनेश कश्यप, अमन नैयर, रामसेवक वर्मा, लालाराम वर्मा, मोहित श्रीवास्तव, रविंद्र शर्मा, रामनाथ, पंकज, जितेंद्र वर्मा, राधेश्याम शर्मा, जगदेश्वर सक्सेना, ओमबाबू आदि मौजूद रहे।