शाहजहांपुर में डेंगू का लार्वा चेक करती स्वास्थ्य विभाग की टीम। स्रोत: विभाग
शाहजहांपुर। जिले में डेंगू और मलेरिया की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से घर-घर जांच अभियान चलाया जा रहा है। जुलाई से शुरू हुए अभियान के तहत अब तक करीब 1350 घरों की जांच की जा चुकी है। इस दौरान 21 घरों में डेंगू का लार्वा मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिजनों को भी साफ-सफाई और पानी जमा नहीं होने देने के लिए जागरूक किया।
जिले में मलेरिया के अब तक 204 मरीज सामने आए हैं, जबकि डेंगू के मरीजों की संख्या नौ है। संदिग्ध मरीजों के खून के नमूने भी लिए जा रहे हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी राजीव मौर्या ने बताया कि डेंगू से बचाव के लिए अभियान चलाकर लार्वा तलाश किया। जांच के दौरान गमलों, कूलर और फ्रिज की ट्रे में लार्वा मिला। लार्वा को नष्ट कर टीम ने लोगों को सलाह दी कि घरों में पानी को खुले में जमा नहीं होने दें और कूलर, गमले समेत अन्य स्थानों की नियमित सफाई करते रहें।
उन्होंने बताया कि एक अक्तूबर से संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू होगा। इसके तहत विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अभियान में साफ-सफाई, दवा और कीटनाशक का छिड़काव कराने के साथ लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।