चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला काजीटोला में युवा सर्राफा व्यापारी रोहित वर्मा की संदिग्ध हालत में हुई हत्या के मामले का खुलासा नहीं होने पर शहर के व्यापारी शनिवार को पीड़ित परिवार के साथ सड़क पर उतर आए। उन्होंने आदर्श व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष पंकज वर्मा सराफ के नेतृत्व में पुलिस कार्यालय में प्रदर्शन किया। बाद में मृतक के घरवालोेें ने एसपी केबी सिंह से उनके सरकारी आवास पर भेंट की और रोहित की हत्या में लिप्त लोगों की पहचान कर उन्हेें जेल भिजवाने की गुहार की।
काजीटोला निवासी रोहित की शुक्रवार देेर शाम अपने ही घर में संदिग्ध हालत में गोली लगने से मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने घरवालों की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की, लेकिन घटना का सुराग अभी तक नहीं लग सका। इसी के विरोध में व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। मृतक के पिता और दोनों भाइयों के साथ व्यापारी नेता एसपी से मिले।
इस मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष पंकज वर्मा ने कहा कि जो लोग रोहित की हत्या में लिप्त हैं, उनसे मृतक के परिवार के अन्य सदस्यों को भी जान का खतरा हो सकता है। एसपी ने कहा कि वे पीड़ित परिवार के साथ हैं और 24 घंटे के अंदर घटना का खुलासा हो जाएगा। इस दौरान संगठन के जिला महामंत्री रमेश चंद्र शुक्ला, शकील अहमद, जितेंद्र नाथ शुक्ला, ओमबाबू सराफ, अजय मोहन शुक्ला, बालकृष्ण रस्तोगी आदि मौजूद रहे।