पुवायां। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट की ओर से आठ सितंबर को एसडीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार अजहर अंसारी को देकर किसानों की समस्याओं का निराकरण कराने की मांग की गई थी। निस्तारण न होने पर सोमवार को ब्लॉक परिसर में धरना प्रदर्शन किया गया।
धरनास्थल पर किसानों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अनिल सिंह यादव ने कहा कि आलू और गेहूं की बुआई के लिए अभी से डीएपी उपलब्ध कराने, बजाज चीनी मिल मकसूदापुर से गन्ने का बकाया दिलाने, नकली, जिंक और बायो बेचने वालों की जांच कर कार्रवाई करने, जांच के समय खाद की निजी दुकानें बंद करने वालों के लाइसेंस निरस्त करने की मांग की गई थी। अन्य कई मांगें भी थीं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। इस कारण धरना-प्रदर्शन करना पड़ा है।
नायब तहसीलदार जगतमोहन जोशी और बीडीओ आरपी राना ने किसान नेताओं से वार्ता कर समस्याओं का जल्द निराकरण कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। वार्ता के दौरान श्रीकृष्ण जाटव, विनोद कुमार, कप्तान सिंह, प्रदीप कुमार, वीरेंद्र शर्मा, जयसिंह, विजय प्रकाश शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। संवाद