पुवायां। कोरोकुइयां में ओवरब्रिज के दोनों ओर एप्रोच रोड का निर्माण कराने को लेकर लोगों ने हाईवे का निर्माण करा रही कंपनी के प्लांट कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान हाईवे पर मानव शृंखला भी बनाई गई।
लखनऊ-पलिया हाईवे का शाहजहांपुर से खुटार के बीच कार्य चल रहा है। निर्माण एसआरएससी कंपनी करा रही है। सिंधौली क्षेत्र के गांव कोरोकुइयां में शारदा नहर पर नए पुल का निर्माण किया गया है। पुल काफी ऊंचा होने के कारण कोरोकुइयां में रोड के दोनों ओर दुकानें और मकान नीचे हो गए हैं।
इसके अलावा पुल से नीचे जाने के लिए एप्रोच रोड का भी निर्माण नहीं कराया गया है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। एक सप्ताह पूर्व लोगों ने कोरोकुइयां में प्रदर्शन करके एप्रोच रोड बनवाने की मांग की थी।
अब तक सुनवाई न होने पर हिंदूवादी नेता राजेश अवस्थी के नेतृत्व में गांव के कई लोग हाईवे निर्माण कंपनी के बड़ागांव स्थित साइड पर पहुंचे और गेट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जानकारी पाकर तहसीलदार राघवेश मणि त्रिपाठी और अपराध निरीक्षक राकेश सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी योगेश शर्मा से वार्ता कराई गई।
लोगों ने कहा कि अगर एप्रोच रोड नहीं बनाई गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद डीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया। राजेश अवस्थी, रविंद्र सिंह काले, भारत राठौर, ललित रावत, स्वर्णिम तिवारी, अनिकेत, मयंक, निखिल शर्मा सहित आदि मौजूद रहे।
-
एनएचएआई की ओर से जो कार्य मिला है, वह कर रहे हैं। एप्रोच रोड आदि के लिए एनएचएआई ही कुछ कर सकती है। नक्शा आदि भी हाईवे अथॉरिटी से ही मिलेगा।
- योगेश शर्मा, जनसंपर्क अधिकारी एसआरएससी कंपनी (निर्माण कंपनी)