शाहजहांपुर। राजस्थान के जालौर में अनुसूचित जाति के कक्षा तीन के छात्र की हत्या से आक्रोशित अनुसूचितजाति-जनजाति महासंघ और बसपा ने प्रदर्शन किया। अधिकारियों को ज्ञापन देकर सख्त कदम उठाने की मांग की।
अनुसूचित जाति जनजाति महासंघ के सदस्य बृहस्पतिवार को घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा के पास एकत्र हुए। यहां पर धरना प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राजस्थान सरकार को बर्खास्त करने, पीड़ित परिवार को शस्त्र लाइसेंस, सरकारी सुरक्षा, एक करोड़ रुपये सहायता राशि, दो लोगों को सरकारी नौकरी, दोषी को फांसी की सजा और अनुसूचित जाति जनजाति के खिलाफ होने वाले अत्याचारों पर सख्त सजा की मांग की गई है।
इस दौरान सियाराम दिनकर, जगदीश चंद्र, मंजू गौतम, अजय वर्मा, बृजेश कुमार वर्मा, बाबूराम भारती, अनूप कुमार, दिनेश कुमार, रामप्रकाश आदि लोग मौजूद रहे।
वहीं बहुजन समाज पार्टी के सदस्यों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। सिटी मजिस्ट्रेट को दिए ज्ञापन में बसपा कार्यकर्ताओं ने कड़ी निंदा करते हुए ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्ती बरतने की राष्ट्रपति से मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष यदुवीर गौतम, दिनेश कुमार, रामकुमार मौर्य, अमित वाल्मीकि, राजीव, राशिद कुरैशी आदि लोग उपस्थित रहे।