पुवायां। तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाषचंद्र शुक्ला के नेतृत्व में वकीलों ने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार मोहम्मद अजहर को देकर दहेज हत्या के आरोपियों को जेल भेजने की मांग की।
मोहल्ला गांधीनगर निवासी 23 वर्षीय ईशू मिश्रा की 22 अगस्त को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। पिता बंडा के मोहल्ला देवस्थान निवासी विजय मिश्रा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने पुत्री ईशू मिश्रा की शादी 27 जनवरी 2019 को पुवायां के मोहल्ला गांधीनगर निवासी पुनीत तिवारी से की थी।
पुत्री के ससुरालीजन दहेज में 20 लाख रुपये की मांग रहे थे। मांग पूरी न होने के कारण दामाद पुनीत तिवारी, दामाद के भाई सचिन, पिता कृष्ण प्रबोध तिवारी, मां मनोरमा तिवारी और सौतेली मां पूजा तिवारी ने एक राय होकर ईशू की हत्या कर दी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर बिसरा प्रिजर्व किया गया था।
सोमवार को वकीलों ने ज्ञापन देकर बताया कि वकील भानू मिश्रा की भतीजी ईशू की दहेज के लिए हत्या की गई है। मामले में रिपोर्ट दर्ज है। सचिन तिवारी उर्फ सनी के पास पासपोर्ट है, जिसे पुलिस ने अभी तक अपने कब्जे में नहीं लिया है। सचिन विदेश भागने की फिराक में है। अन्य आरोपी भी नहीं पकड़े गए हैं। एसडीएम से मांग की गई है कि वह पुलिस को निर्देशित करें कि सचिन का पासपोर्ट कब्जे में लेने के साथ ही आरोपियों को जल्द जेल भेजने की कार्रवाई करे।
इसके बाद वकीलों ने ईशू मिश्रा और सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय वर्मा के पिता के निधन पर दो मिनट का मौन रखा। बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विनय मिश्रा, विवेक अवस्थी, पवन सिंह, रुकमेश शक्ला, सतीश पटेल, दशरथ वर्मा, भानू मिश्रा, राजेश सिंह, गौरव शुक्ला, विजय मिश्रा सहित कई वकील मौजूद रहे।