तिलहर। नगरपालिका के जल-कल अनुभाग की लापरवाही से नगर में पेयजल संकट गहरा गया है। खराब हो चुकीं मोटरों की मरम्मत नहीं कराए जाने से घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है।
इससे नाराज नागरिकों ने जल संसाधन मंत्री को ज्ञापन भेजकर समस्या के समाधान की मांग की है। मोहल्ला नई बस्ती निवासी कौशल कुमार गुप्ता ने सभासद राधा गुप्ता सहित कई लोगों के हस्ताक्षरयुक्त भेजे गए ज्ञापन में कहा है कि नगर पालिका परिषद में कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। पर्याप्त पानी नहीं मिलने से लोगों को दैनिक कार्यों में कठिनाई हो रही है। अधिशासी अधिकारी सत्येंद्र प्रकाश ने बताया कि रविवार सुबह ट्रांसफार्मर खराब हो जाने के कारण जलापूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि नया ट्रांसफार्मर मंगाया गया है और उसे जल्द स्थापित कर दिया जाएगा। संवाद