शाहजहांपुर। उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट की कोर ग्रुप की बैठक बहादुरगंज स्थित कार्यालय पर हुई। इसमें यूपीआई पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) शुल्क लगाने के प्रस्ताव को फिलहाल स्थगित किए जाने पर व्यापारियों ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया। व्यापारियों ने शुल्क लगाने के प्रस्ताव को पूरी तरह समाप्त करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ ने कहा कि डिजिटल इंडिया और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के साथ छोटे एवं मझोले व्यापारियों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ से बचाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल का संकल्प व्यापारी हितों की रक्षा करना, डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करना और यूपीआई-एमडीआर शुल्क से स्थायी मुक्ति दिलाना है।
बैठक में नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला महामंत्री नाजिम खान, नगर महामंत्री अतुल गुप्ता, नीरज गुप्ता, रोहित अग्रवाल, सतनाम चावला और कमाल फहीम मौजूद रहे।