कलक्ट्रेट में उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के पदाधिकारी ज्ञापन देने पहुंचे। स्रोत: संगठन
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बुधवार को कलक्ट्रेट में रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम न्यायिक मोहम्मद अवेश को दिया। इसमें लंबी दूरी की ट्रेन रुकवाने और बंद ट्रेनें शुरू कराने की मांग की गई।
व्यापारियों का कहना था कि जनपद में प्रतिदिन हजारों यात्री ट्रेन से सफर करते हैं लेकिन लंबी दूरी की ट्रेनों का यहां पर स्टॉपेज नहीं है। शाहजहांपुर से पहले हरदोई स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनें नियमित रूप से रुकती हैं। व्यापारियों ने गरीब रथ, मालदा टाउन एक्सप्रेस, पाटिलीपुत्र एक्सप्रेस, लोहित एक्सप्रेस का यहां ठहराव कराने की मांग की।
व्यापारियों ने कहा कि कोरोना काल में लखनऊ-सहारनपुर पैसेंजर, सीतापुर-दिल्ली पैसेंजर, इलाहाबाद से बरेली पैसेंजर आदि ट्रेनें बंद कर दी गईं थीं। व्यापारियों ने ट्रेनों के ठहराव और बंद ट्रेनों को शुरू करने की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष पंकज वर्मा सराफ, जिला महामंत्री अनीस खां, अजय मोहन शुक्ला, तिलकराज भोला, जितेंद्र नाथ शुक्ला आदि मौजूद रहे। संवाद